रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों के चलते मोनिका सचदेव के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, वह टिकरापारा थाना क्षेत्र की सक्रिय गुंडा बदमाश एवं गैंग हिस्ट्रीशीटर है।
2005 से अब तक 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2005 से अब तक मोनिका सचदेव के खिलाफ सिटी कोतवाली, टिकरापारा, गोलबाजार और सिविल लाइन थानों में कुल 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, अवैध वसूली, लूट, आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस प्रतिवेदन के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र के प्रतिवेदन के आधार पर मामले की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान उसकी गतिविधियों से रावतपुरा कॉलोनी क्षेत्र में भय का माहौल होने और लोगों के शिकायत करने से डरने की बात सामने आई।
30 सितंबर को जारी हुआ जिला बदर आदेश
जांच के बाद पुलिस कमिश्नर रायपुर ने 30 सितंबर 2026 को जिला बदर का आदेश जारी किया। आदेश के तहत मोनिका सचदेव को रायपुर समेत दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से 2 माह के लिए निष्कासित किया गया है।
कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए आदतन एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।