मुरैना| मध्य प्रदेश में रेत माफिया के हौसले एक बार फिर कानून से ऊपर नजर आए। मुरैना जिले में अवैध रेत परिवहन रोकने पर माफिया ने एक वनकर्मी को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बेरहमी से मार डाला। सिर के ऊपर से ट्रॉली गुजरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग में भारी आक्रोश है।
अवैध रेत परिवहन रोकने पर हमला
यह घटना बुधवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे दिमनी थाना क्षेत्र के रानपुर चौराहे की है। वन विभाग की टीम ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की थी। इसी दौरान रेत माफिया ने वनकर्मी हरकेश गुर्जर (32 वर्ष) पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
मौके पर ही गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे हरकेश गुर्जर के सिर के ऊपर से निकल गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ वन अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
चार महीने पहले ही मुरैना आए थे हरकेश
हरकेश गुर्जर मूल रूप से मुरैना जिले के जनकपुर गांव के निवासी थे। वे पहले पन्ना टाइगर रिजर्व में पदस्थ थे और करीब चार महीने पहले ही उनका तबादला मुरैना जिले में हुआ था। वर्तमान में वे अंबाह एसडीओ कार्यालय के अंतर्गत कार्यरत थे।
वन विभाग में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।