मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जिला मुख्यालयों के साथ-साथ विकासखंड स्तर पर भी आयोजन होंगे, जबकि राज्य स्तरीय कार्यक्रम भिंड में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संत रविदास जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 31 मार्च 2027 तक प्रदेशभर में सामाजिक समरसता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
केंद्र सरकार से मिली सौगातें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीता सप्ताह प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कई फोरलेन सड़कों की स्वीकृति दी गई है। एनएच-46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में टाइगर कॉरिडोर सहित कई परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का भी आभार जताया।
उज्जैन सम्मेलन और सांस्कृतिक आयोजन
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “महाकाल द मास्टर ऑफ टाइम” का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें भारतीय काल गणना की वैज्ञानिकता पर चर्चा हुई। साथ ही वाराणसी में आयोजित एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन और सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य के सफल आयोजन की भी जानकारी दी।
गेहूं खरीदी 9 अप्रैल से शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 9 अप्रैल से शुरू होगी। शुरुआत में लघु और सीमांत किसानों से खरीदी की जाएगी। उन्होंने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।