मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने प्रदेश के लाखों छात्रों के हित में एक बड़ा बदलाव किया है। बोर्ड ने दशकों से चली आ रही पारंपरिक सप्लीमेंट्री परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह समाप्त करने का फैसला किया है। इसके स्थान पर अब द्वितीय परीक्षा आयोजित की जाएगी।
रिजल्ट सुधारने का बेहतर अवसर
नई व्यवस्था के तहत केवल फेल हुए छात्र ही नहीं बल्कि वे छात्र भी इसमें शामिल हो सकेंगे जो अपने नंबरों से संतुष्ट नहीं हैं या अपनी श्रेणी सुधारना चाहते हैं। यानी अब छात्र किसी भी परीक्षा में शामिल होकर अपने परिणाम को सुधार सकते हैं। इससे छात्रों को अपने रिजल्ट सुधारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
द्वितीय परीक्षा की तिथियां और आवेदन प्रक्रिया
12वीं की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई तक आयोजित होगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 7 मई से 19 मई के बीच होगी। छात्रों को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के मात्र सात दिन के भीतर अपना आवेदन करना होगा। यह आवेदन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगा।