मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्र ही नहीं, बल्कि अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट) के इच्छुक विद्यार्थी भी शामिल हो सकते हैं। इस वर्ष लगभग पांच लाख विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग लेंगे।
माशिमं द्वारा पहले ही परीक्षा की समय-सारिणी और दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। विद्यार्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 22 अप्रैल की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
कब होंगी परीक्षाएं
द्वितीय परीक्षा के तहत 10वीं की परीक्षाएं 7 मई से 19 मई तक और 12वीं की परीक्षाएं 7 मई से 25 मई तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से 12 बजे तक निर्धारित केंद्रों पर होंगी। विस्तृत कार्यक्रम मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
किन छात्रों को मिलेगा अवसर
इस परीक्षा में वे सभी विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं जिन्होंने पहली परीक्षा दी है। इस वर्ष पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार 10वीं और 12वीं में कुल 4,89,292 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं, जिनमें 10वीं के 2,89,693 और 12वीं के 1,99,599 छात्र शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी द्वितीय परीक्षा में बैठ सकते हैं।
परीक्षा से जुड़े नियम और दिशा-निर्देश
केवल वही विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने पहली परीक्षा में भाग लिया हो।
द्वितीय परीक्षा में वही कृपांक नीति लागू होगी जो प्रथम परीक्षा में थी।
एक विषय की परीक्षा के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
प्रथम परीक्षा में पंजीकृत छात्र ही द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
उत्तीर्ण विद्यार्थी भी एक या अधिक विषयों में सुधार के लिए परीक्षा दे सकते हैं।
आवेदन उसी स्कूल के माध्यम से करना अनिवार्य है, जहां से पहली परीक्षा का फॉर्म भरा गया था।
अनुपस्थित या अनुत्तीर्ण विद्यार्थी भी अंक सुधार के लिए परीक्षा दे सकते हैं।
प्रायोगिक या आंतरिक परीक्षा में असफल विद्यार्थी केवल उसी भाग की पुनः परीक्षा देंगे।
परीक्षा में विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।