देश के कई हिस्सों में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभाव मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान 40°C से 44°C के बीच बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
बुधवार को मध्यप्रदेश के नौगांव में तापमान 42°C के पार पहुंच गया, वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पारा 43°C तक दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दोनों राज्यों में हालात गंभीर होते जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश में हालात ज्यादा गंभीर
प्रदेश में इस सीजन में पहली बार 25 से अधिक शहरों का तापमान 40°C से ऊपर दर्ज किया गया है। छतरपुर का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4°C रहा। मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है और अगले चार दिनों तक गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है।गर्मी को ध्यान में रखते हुए बुरहानपुर, हरदा और रतलाम सहित कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाया जा सके।
छत्तीसगढ़ में भी बढ़ी गर्मी की मार
छत्तीसगढ़ में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में 16 से 19 अप्रैल के बीच हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजनांदगांव में तापमान 43°C तक पहुंच गया है और आने वाले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है।स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने 20 अप्रैल के बाद स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
अचानक क्यों बढ़ी गर्मी?
मौसम विभाग के अनुसार, इस तेज गर्मी के पीछे मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना है। इसके चलते उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में गर्म हवाएं तेजी से सक्रिय हो गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि 20 अप्रैल तक यही स्थिति बनी रह सकती है, जिससे हीटवेव और तेज हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश से राहत
जहां देश के मध्य और पश्चिमी हिस्से भीषण गर्मी झेल रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर भारत में मौसम राहत देने वाला बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 18 अप्रैल के बीच असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।