मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण और अनुपूरक बजट पेश किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की आर्थिक विकास दर बहुत अच्छी है। पिछले दो वर्षों में 46 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है, जो बेहतर कनेक्टिविटी, रोजगार सृजन और अधोसंरचना विकास का परिणाम है।
'प्रति व्यक्ति आय 1.69 लाख रुपये से ज्यादा'
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कर्नाटक जैसे विकसित राज्य को मध्यप्रदेश ने आर्थिक दृष्टि से पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय अब 1,69,050 रुपये से अधिक हो गई है और 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश एकमात्र राज्य है जिसकी विकास दर 30 प्रतिशत से अधिक है और हर क्षेत्र में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यटन क्षेत्र में भी प्रदेश के प्रदर्शन की सराहना की और बताया कि ज्यादा यात्रियों को प्रदेश में लाने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजकोषीय घाटे को संतुलित रखते हुए प्रदेश को विकसित किया जा रहा है। मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भी महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।
राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा
आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़े बताते हैं कि वित्तीय अनुशासन के साथ राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कल पेश होने वाला बजट नवाचारपूर्ण होगा और इसमें आगामी तीन वर्षों की विकास योजना की रूपरेखा भी शामिल होगी।
Comments (0)