रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) रायपुर मंडल में आज संसदीय क्षेत्रों के सांसदों की अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की मौजूदगी में हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी रेल समस्याओं और आवश्यकताओं को विस्तार से रखा।
बैठक के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए।
2027 तक दुर्ग-रायपुर अमृत स्टेशन पूरा करने का लक्ष्य
सांसद ने जानकारी दी कि दुर्ग और रायपुर अमृत भारत स्टेशन परियोजनाओं को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही कचना में ओवरब्रिज का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि ज़ोरा में अंडरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। मंदिरहसौद में रेलवे ट्रैक पर ओवरब्रिज निर्माण की भी मांग की गई है।
नई ट्रेनों और ठहराव पर जोर
बैठक में यात्री सुविधाओं और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। सांसदों ने राजधानी एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन चलाने की मांग की। इसके अलावा:
- रायपुर से दिल्ली के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का प्रस्ताव
- बिलासपुर–रायपुर से पुरी तक वंदे भारत ट्रेन संचालन
- रायपुर–अंबिकापुर के लिए नई ट्रेन शुरू करने की मांग
- बस्तर और कांकेर क्षेत्र में नई ट्रेनों की शुरुआत
- सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का छोटे स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग
- रायपुर–धमतरी रेल लाइन जल्द पूरी करने की मांग
सांसदों ने रायपुर से धमतरी रेल लाइन परियोजना को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। कहा गया कि इससे क्षेत्रीय विकास और आवागमन को नई गति मिलेगी। बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को “एक्शन मोड” में केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय को भेजने की बात कही गई है। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेगा, जिससे प्रदेश के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Comments (0)