भोपाल। मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब तस्वीर लगभग साफ हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, संभावित नामों को दिल्ली से हरी झंडी मिल चुकी है और जल्द ही आधिकारिक सूची जारी की जा सकती है।
संभावित नामों पर बनी सहमति
मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न आयोगों और निगमों के लिए कुछ नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। इनमें अनुसूचित जाति आयोग के लिए कैलाश जाटव, अनुसूचित जनजाति आयोग के लिए भगत सिंह नेताम और युवा आयोग के लिए प्रवीण शर्मा के नाम प्रमुख हैं।
इसी तरह लघु उद्योग निगम के लिए विनोद गोटिया, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के लिए संजय नगाइच, कटनी विकास प्राधिकरण के लिए शशांक श्रीवास्तव और ओरछा विकास प्राधिकरण के लिए अखिलेश अयाची के नाम चर्चा में हैं।
इसके अलावा वित्त विकास निगम के लिए दीपक सक्सेना और कोल विकास प्राधिकरण के लिए रामलाल रौतेल के नाम भी सामने आए हैं।
वरिष्ठ नेताओं को भी मिल सकता है मौका
सूत्रों का कहना है कि इस बार कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों को भी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इनमें लालसिंह आर्य, अरविंद भदौरिया, रामनिवास रावत, उमाशंकर गुप्ता, कमल पटेल, रामपाल सिंह और इमरती देवी जैसे नाम शामिल हैं।
इसके साथ ही अंचल सोनकर, संजय शुक्ला, अलकेश आर्य और कलसिंह भाबर के नाम भी चर्चा में बने हुए हैं।
विधायकों की भी दावेदारी मजबूत
निगम-मंडलों में कुछ विधायकों को भी जगह मिल सकती है। अजय बिश्नोई, शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, अभिलाष पांडे और आशीष शर्मा जैसे नाम दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह का नाम भी चर्चा में है।
जल्द हो सकती है घोषणा
सूत्रों के अनुसार, नामों पर अंतिम सहमति बन चुकी है और अब कभी भी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। इन नियुक्तियों के बाद प्रदेश की राजनीति में नई सक्रियता और संतुलन देखने को मिल सकता है।