मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार 9 अप्रैल तक प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। सोमवार को 24 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में अलर्ट
आज जिन जिलों में आंधी-बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सतना, सिवनी, छतरपुर, निवाड़ी, दतिया, टीकमगढ़, मैहर, मऊगंज, रीवा, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, डिंडौरी, बालाघाट और मंडला शामिल हैं।
नया सिस्टम हुआ सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में एक नया सिस्टम एक्टिव हुआ है, जिसके चलते कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
पहले भी दिखा असर
शनिवार को 14 जिलों में ओलावृष्टि और 39 जिलों में तेज आंधी-बारिश दर्ज की गई थी। रविवार को भी कई जगहों पर तेज हवाएं चलीं और बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक बनी रही।
तापमान में आई गिरावट
आमतौर पर मार्च के अंत तक तापमान बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अप्रैल के पहले पखवाड़े में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।