नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नाथिया नवागांव के पास हुआ, जहां दो कारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
नेशनल हाईवे-30 पर भीषण हादसा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। कांकेर के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। राहत और बचाव कार्य के तहत घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
दो कारों की टक्कर में 6 की मौत
इस संबंध में एसपी ने बताया कि नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य घायल हैं और उनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और घायलों के बयान के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।