निवाड़ी जिले के सिमरा खास गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक शराब के नशे में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा।
जमीनी विवाद से परेशान युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, घंटों चला हंगामा
निवाड़ी जिले के सिमरा खास गांव में एक युवक ने शराब के नशे में जमीनी विवाद को लेकर जमकर हंगामा किया। युवक महेंद्र पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, वह अपने साथ लाई रस्सी से फंदा बनाकर बार-बार आत्महत्या करने की कोशिश का ड्रामा करता रहा। नीचे खड़े ग्रामीण उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। वह लगातार आरोप लगा रहा था कि गांव के कुछ लोग उसके दादा को धमकाकर उसकी कीमती जमीन सस्ते में बिकवाना चाहते हैं और उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
पुलिस की सूझबूझ से टली बड़ी घटना, समझाइश के बाद सुरक्षित उतारा गया युवक
घटना की सूचना मिलते ही सिमरा चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। स्थिति को गंभीर होते देख थाना प्रभारी ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी टीम के साथ टंकी पर चढ़ गए। काफी देर की मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित पकड़कर नीचे उतार लिया। युवक के नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।