मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी में ही आग लग गई। घटना ने न सिर्फ मौके पर अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि फायर सिस्टम की तैयारियों और रखरखाव पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
आग बुझाते-बुझाते खुद जल उठी फायर ब्रिगेड
जानकारी के मुताबिक गुन्नौर थाना क्षेत्र के श्यामर डांडा इलाके में खेत में लगी आग को बुझाने के लिए देवेंद्रनगर की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी थी, तभी अचानक फायर ब्रिगेड वाहन में ही आग भड़क उठी। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बाद में गुन्नौर की दूसरी फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने किसी तरह आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
मेंटेनेंस के दावों की खुली पोल, जिम्मेदारों पर सवाल
इस घटना ने फायर ब्रिगेड के रखरखाव और मेंटेनेंस की पोल खोलकर रख दी है। हर साल लाखों रुपए मरम्मत और संसाधनों के नाम पर खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आपात स्थिति में ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जवाब दे रही हैं। सवाल यह उठता है कि जब आग बुझाने वाली गाड़ी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा।