मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां क्रिकेट खेलकर लौट रहे तीन युवकों की मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया है।
सुनहरा मोड़ पर आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग पर निर्माणाधीन नगरपालिका गेट के सामने सुनहरा मोड़ के पास यह हादसा हुआ। जनकपुर से क्रिकेट खेलकर लौट रहे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बिल्हा निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र सिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायल रीवा रेफर, ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रीवा रेफर किया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।