सकरिया हवाई पट्टी के पास भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के दौरान एक फायरमैन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
आग बुझाने के दौरान हुआ हादसा
आग पर काबू पाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। 30 वर्षीय फायरमैन रविंद्र प्रताप सिंह दमकल वाहन पर चढ़कर लपटों को नियंत्रित कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। इस हादसे में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल फायरमैन का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद साथियों ने घायल फायरमैन को तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। चालक जितेंद्र यादव, उत्तम सोनकर और प्रमोद रैकवार ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, वहीं स्थानीय लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।