पन्ना शहर की राजा बाबू कॉलोनी में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के मकान में रह रही एक छात्रा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
किराए के मकान में मिला बीएससी छात्रा का शव
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाबू कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा पुष्पा अहिरवार का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
परिजनों ने युवक पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतिका के परिजनों ने मामले में ग्राम पुरैना निवासी विकास अहिरवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मौसिया द्वारिका प्रसाद अहिरवार के अनुसार, आरोपी युवक लगातार फोन कर पुष्पा को परेशान करता था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। वहीं, भाई बृजेश अहिरवार ने बताया कि घटना से पहले पुष्पा ने फोन कर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वह फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने आशंका जताई है कि फोन पर हुए विवाद के चलते ही छात्रा ने यह कदम उठाया। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस कॉल डिटेल्स और बयानों के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।