मध्यप्रदेश के पन्ना शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बिजली विभाग के कार्यालय के सामने लगा ट्रांसफार्मर अचानक आग का गोला बन गया। तेज धमाकों और उठती लपटों ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
ट्रांसफार्मर बना ‘आग का गोला’, धमाकों से दहला इलाका
पन्ना में बिजली विभाग के पावर हाउस के ठीक सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विद्युत ट्रांसफार्मर अचानक धू-धू कर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलीं, जिसके बाद लगातार तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का पूरा इलाका थर्रा उठा। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर आग के गोले में तब्दील हो गया और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
बिजली सप्लाई बंद कर टली बड़ी जनहानि
गनीमत यह रही कि हादसा बिजली दफ्तर के सामने हुआ, जिससे विभाग को तुरंत कार्रवाई करने का मौका मिल गया। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों और बिजली कर्मचारियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है और उसे जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।