दक्षिण पन्ना वनमण्डल अंतर्गत पवई उपवनमण्डल में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर सागर सोनी द्वारा गिद्ध गणना के दौरान विश्व के सबसे तेज़ उड़ान भरने वाले पक्षी पेरेग्रीन फाल्कन का सफलतापूर्वक अवलोकन किया गया। वन विभाग ने इस दुर्लभ शिकारी पक्षी की उपस्थिति को क्षेत्र की जैव विविधता के लिए अत्यंत उत्साहजनक बताया है।
गिद्ध गणना में दिखा दुर्लभ शिकारी पक्षी
वन अधिकारियों के अनुसार गिद्ध गणना के दौरान अन्य पक्षियों के साथ पेरेग्रीन फाल्कन का दिखाई देना स्वस्थ पारिस्थितिक संतुलन का सकारात्मक संकेत है। यह पक्षी अपनी तीक्ष्ण दृष्टि, फुर्ती और अद्भुत शिकार कौशल के लिए प्रसिद्ध है।
300 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार
विशेषज्ञों के मुताबिक पेरेग्रीन फाल्कन शिकार के समय गोता लगाते हुए लगभग 300 किमी प्रति घंटा तक की गति प्राप्त कर सकता है, जिसके कारण इसे विश्व के सबसे तेज़ उड़ान वाले पक्षियों में स्थान मिला है। यह पक्षी सामान्यतः ऊँची चट्टानों, पहाड़ियों अथवा ऊँचे वृक्षों के आसपास पाया जाता है। वन विभाग ने इस अवलोकन को महत्वपूर्ण बताते हुए पक्षी संरक्षण एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवलोकन क्षेत्र की प्राकृतिक समृद्धि एवं संरक्षण गतिविधियों की सफलता को दर्शाते हैं।
Comments (0)