बिलासपुर मंडल के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायगढ़-बिलासपुर मेमू ट्रेन को 12 अप्रैल तक रद्द करने का निर्णय लिया है। यह कदम बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन के निर्माण और बिलासपुर-चांपा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन में नॉन-इंटरलॉकिंग कनेक्टिविटी कार्यों के कारण लिया गया है।
31 मार्च से 12 अप्रैल तक यात्रियों को होगी परेशानी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 31 मार्च से 12 अप्रैल तक इन कार्यों के चलते स्थानीय यात्रियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यह विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनेगा जो रोजाना अप-डाउन यात्रा करते हैं।
पैसेंजर ट्रेन आंशिक रूप से प्रभावित
गोदिया से झारसुगुड़ा तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन अब केवल बिलासपुर स्टेशन तक ही चलेगी। वहीं, झारसुगुड़ा और बिलासपुर के बीच यह सेवा 11 अप्रैल तक पूरी तरह रद्द रहेगी।
गोंडवाना एक्सप्रेस भी प्रभावित
गोंडिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में बदलने का कार्य किया जाएगा, जिसके कारण गोंडवाना एक्सप्रेस कई दिनों तक प्रभावित रहेगी।
रद्द होने वाली प्रमुख गाड़ियां
02, 04, 06, 07, 08, 09, 11, 13, 14, 15, 16, 18, 20, 21, 22 अप्रैल को हजरत निजामुद्दीन से रायगढ़ जाने वाली ट्रेन संख्या 12410 रद्द रहेगी।
04, 06, 08, 09, 10, 11, 13, 15, 16, 17, 18, 20, 22, 23, 24 अप्रैल को रायगढ़ से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन संख्या 12409 रद्द रहेगी।
रेलवे ने दी सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जांच कर लें और वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें, ताकि यात्रा के दौरान असुविधा से बचा जा सके।