रायपुर। रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र के भरेंगाभाटा में हुए नितेश हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि युवक की मौत बेहद दर्दनाक तरीके से हुई।
जिंदा गाड़ा गया युवक, दम घुटने से मौत
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक नितेश बत्रा को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर बेहोशी की हालत में मिट्टी में गाड़ दिया गया। मिट्टी के अंदर दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इस खुलासे के बाद पूरे मामले ने सनसनीखेज रूप ले लिया है।
17 मार्च से था लापता
नितेश 17 मार्च से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट माना थाना में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने शव बरामद कर मामले का खुलासा किया।
शदाणी दरबार में करता था काम
मिली जानकारी के अनुसार, नितेश बत्रा शदाणी दरबार में पार्किंग व्यवस्था का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में उसके पाकिस्तानी मूल का होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
पुलिस इस मामले को फिलहाल प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। हालांकि, सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इलाके में दहशत, पुलिस अलर्ट
यह पूरा मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है। नितेश हत्याकांड ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के खुलासे ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब नजर पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।