राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर एक रिटायर्ड इंजीनियर से 80 हजार रुपए ठग लिए।
व्हाट्सऐप कॉल से रची गई साजिश
जानकारी के मुताबिक, डीडी नगर सेक्टर-1 निवासी अपराजिता प्रताप सिंह को 4 अप्रैल को व्हाट्सऐप पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया और कहा कि उनके बेटे को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। बेटे को छुड़ाने के लिए 1 लाख 60 हजार रुपए की मांग की गई।
वीडियो कॉल पर बनाया मानसिक दबाव
आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग को कैमरे के सामने बैठाकर लगातार मानसिक दबाव बनाया, जिससे वे घबरा गए और पूरी बात को सच मान बैठे। घबराहट में उन्होंने तुरंत 80 हजार रुपए आरोपी के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए और बाकी रकम बाद में देने की बात कही।
बेटे से बात करने पर खुला राज
कुछ समय बाद जब उन्होंने अपने बेटे से संपर्क किया, तब सच्चाई सामने आई। बेटे ने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी किसी भी मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके बाद बुजुर्ग को समझ आया कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
शिकायत के बाद डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील- सतर्क रहें
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी अनजान कॉल पर खुद को पुलिस या अधिकारी बताकर पैसे मांगने पर भरोसा न करें। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत अपने परिजनों से सीधे संपर्क कर सच्चाई की पुष्टि करें।