राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब इलाके से पुलिस ने दिल्ली के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में गांजा और ‘ओसियन ग्रो’ गांजा बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में एक युवक अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा बताया, जो मूल रूप से दिल्ली का निवासी है।
तलाशी में मिला लाखों का माल
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 2 किलो 870 ग्राम गांजा और 114 ग्राम ‘ओसियन ग्रो’ गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा 3 हजार रुपये नकद, एक आईफोन और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 62 हजार रुपये आंकी गई है।
कुरियर के जरिए मंगाया जाता था गांजा
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के जरिए गांजा रायपुर मंगवाता था। पुलिस अब कुरियर कंपनी से भी पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी
फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।