रायपुर। राजधानी में 35 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जो हवाला नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। आरोपितों ने बेहद शातिर और फिल्मी तरीके से नोट के सीरियल नंबर का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई से रायपुर भेजा गया युवक
मुंबई के बहिंदर ईस्ट निवासी 20 वर्षीय करण शर्मा अपने सेठ के कहने पर रायपुर पहुंचा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को नकद लेनदेन के लिए भेजा गया था, जिसे हवाला ट्रांजेक्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
20 रुपये के नोट से हुई पहचान
11 अप्रैल को युवक ने एक अज्ञात मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद उसे व्हाट्सएप लोकेशन के जरिए तेलीबांधा स्थित कोरम कॉम्प्लेक्स बुलाया गया। यहां आरोपितों ने पहचान के लिए 20 रुपये के नोट का सीरियल नंबर मिलाया और युवक को 35 लाख रुपये सौंप दिए।
दूसरे जाल में फंसाकर रकम उड़ाई
रकम मिलने के बाद युवक ने अपने सेठ को सूचना दी, जिस पर उसे दूसरी पार्टी को रकम देने के निर्देश मिले। इसी दौरान आरोपितों ने दूसरा जाल बिछाया और 2 रुपये के नोट का सीरियल नंबर भेजकर युवक को वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर और करेंसी टावर के पास बुलाया। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने वही सीरियल नंबर दिखाकर युवक से 35 लाख रुपये ले लिए और फरार हो गया।
ऐसे खुला ठगी का राज
बाद में जब युवक ने नोट की फोटो अपने सेठ को भेजी, तो सीरियल नंबर अलग पाया गया, जिससे पूरी ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब आरोपितों के मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), व्हाट्सएप चैट और लोकेशन ट्रेस कर रही है। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि गिरोह के सदस्यों की पहचान की जा सके।