रायपुर: राजधानी रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में रिहायशी मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाने का मामला सामने आया है। गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान के ऊपर बने कमरे में दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
दुकान के ऊपर बने कमरे में तैयार किए जा रहे थे पटाखे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक अपने आवासीय कमरे में कुछ लोगों को बुलाकर अवैध रूप से पटाखे तैयार करवा रहा है। इन पटाखों को दीपावली के दौरान बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था। सूचना के आधार पर संबंधित स्थान पर जांच की गई।
एसडीएम, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने की जांच
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम रायपुर कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की टीम के साथ गोलबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कमरे की जांच की। इस दौरान वहां ‘TOP TIGER’ नाम से पटाखे तैयार किए जाते मिले।
पांच कार्टन तैयार पटाखे और अर्धनिर्मित सामग्री जब्त
जांच के दौरान टीम ने मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे जब्त किए। इसके अलावा बोरियों और कार्टन में रखे बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित पटाखे और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर भी बरामद किया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब्त सामग्री पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की बताई गई है।
कमरे को किया गया सील, दो लोगों पर कार्रवाई
कार्रवाई के बाद संयुक्त टीम ने उस कमरे को सील कर दिया, जहां पटाखे तैयार किए जा रहे थे। मामले में दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। रिहायशी इलाके में पटाखे बनाने के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।