रायपुर। राजधानी के लाभांडी इलाके में वाल्टियर रेलवे लाइन पर एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मॉर्निंग वॉक करने वालों ने दी सूचना
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अब तक नहीं हो सकी पहचान
मृतक की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल खम्हारडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।