रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में लोन दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 27 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिलीवरी के दौरान हुई पहचान
बीएसयूपी कॉलोनी दलदल सिवनी निवासी कृष्णा राव, जो कि जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है, की मासिक आय करीब 8 हजार रुपये है। करीब छह महीने पहले डिलीवरी के दौरान उसकी मुलाकात होरीलाल पंकज से हुई, जिसने खुद को लोन एजेंट बताया।
दूसरे आरोपी से कराई मुलाकात
होरीलाल ने कृष्णा राव को जितेश कुमार चंद्राकर से मिलवाया। दोनों ने लोन दिलाने का भरोसा दिलाते हुए प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 5 हजार रुपये नकद ले लिए। साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक जैसे जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रख लिए।
बिना जानकारी के कई बैंकों से लिया लोन
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने पीड़ित की जानकारी के बिना अलग-अलग बैंकों से उसके नाम पर लोन ले लिया। इनमें आईडीएफसी, एचडीबी, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक शामिल हैं। अलग-अलग तारीखों में कुल 27 लाख 50 हजार रुपये का लोन लेकर आरोपितों ने रकम खुद निकाल ली।
शिकायत के बाद मामला दर्ज
जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उसने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।