राजधानी रायपुर में लूटपाट और मारपीट की गंभीर घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में तीन नाबालिगों सहित कुल 5 लोगों को पकड़ा गया है।
परिवार को बनाया गया निशाना
आरोपियों ने सेजबहार के पास दतरेंगा निवासी एक परिवार को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के नाम चेतन नामदेव और नितिन ध्रुव बताए गए हैं, जो मुजगहन थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
रास्ता रोककर किया हमला
घटना 8 अप्रैल की रात की है, जब भूषण साहू अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार 5 बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल गिराकर चाबी निकाल ली और डंडे से भूषण और उसके साथी पर हमला कर दिया।
महिलाओं के साथ भी मारपीट और बदसलूकी
घटना के दौरान आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आईं दोनों भांजियों के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें खींचने की कोशिश की गई, जिससे उनके कपड़े तक फट गए।
लूटकर फरार हुए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गले की चेन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।