रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में देर रात एक परिवार के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शादी समारोह से लौट रहे परिवार को सुनसान सड़क पर रोककर चार अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया।
पेट्रोल खत्म होने पर रुका परिवार, घात लगाए बैठे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार गुलशन वाटिका फेस-01 निवासी परिवार सेजबहार हाउसिंग सोसाइटी में आयोजित कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान दत्तरेंगा के पास उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे वे सड़क किनारे रुक गए। इसी मौके का फायदा उठाकर बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और परिवार को घेर लिया।
महिलाओं से लूट, विरोध करने पर जानलेवा हमला
बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट करते हुए महिलाओं की सोने की चेन, चार मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू और डंडों से हमला कर परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया।
डर के साए में जंगल में गुजरी रात
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। डरे-सहमे पीड़ित परिवार ने पूरी रात पास के जंगल में छिपकर बिताई और सुबह होते ही घायल अवस्था में थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
पुलिस ने अज्ञात चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।