राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक युवती से OLX के जरिए कैमरा खरीदने के नाम पर करीब 2 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर बनकर किया झांसा
पीड़िता ने 2 फरवरी 2026 को पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि OLX पर कैमरा खरीदने के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उससे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को “ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर” बताकर भरोसे में लिया और अलग-अलग UPI आईडी के जरिए पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे मिलते ही बंद कर दिया मोबाइल
आरोपियों ने कुल 2 लाख रुपए ट्रांसफर करवाने के बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच में छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरानी बस्ती थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। मोबाइल नंबर, बैंक खातों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
बिहार में दबिश देकर दोनों आरोपी गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से समस्तीपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों—धीरज कुमार महतो और सुबोध कुमार सिंह—को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है।