राजधानी रायपुर में पुलिस ने अवैध सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा चलाने वाले आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपए की नकदी और सामान बरामद किया गया है।
गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
पुलिस को 10 अप्रैल को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापा मारकर राजा साहू और अभय साहू को गिरफ्तार किया।
मोबाइल जांच में खुला पूरा नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल की जांच में सामने आया कि वे ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट की मास्टर आईडी के जरिए सट्टा चला रहे थे। आरोपी खिलाड़ियों को आईडी देकर कमीशन लेते थे और फोन कॉल के माध्यम से क्रिकेट मैच पर दांव लगवाते थे।
पूछताछ में सामने आए बड़े नाम
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के लिए काम करते हैं। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
पुलिस के अनुसार आरोपी मंजीत सिंह के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिससे इस नेटवर्क की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन ‘पट्टी’ सट्टा भी सक्रिय
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा साइट्स के साथ-साथ ‘पट्टी’ के जरिए भी सट्टा चला रहे थे। रोहित मोटवानी और हरीश सकलेचा ऑफलाइन सट्टा संचालन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
लाखों की नगदी और सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,05,238 रुपए नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और पेन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपए आंकी गई है।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
सभी आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।