इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रायपुर, मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में एक साथ दबिश देकर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तीन बड़े सट्टा पैनल को ध्वस्त किया है।
गंज थाना क्षेत्र से हुई कार्रवाई की शुरुआत
13 अप्रैल को एंटी क्राइम और साइबर यूनिट को सूचना मिली कि गंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति कार में बैठकर मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
मोबाइल जांच में खुला ऑनलाइन नेटवर्क का राज
आरोपी के मोबाइल की जांच में सामने आया कि वह ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए आईडी बनाकर सट्टा संचालित कर रहा था। पूछताछ में उसने अपने साथियों और देश के अलग-अलग शहरों में फैले नेटवर्क की जानकारी दी।
मुंबई और ओडिशा में दबिश, कई आरोपी गिरफ्तार
मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में छापेमारी की। इस दौरान हर्ष नागदेव समेत 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से पूरे नेटवर्क की कड़ी उजागर हुई।
60 लाख का सामान जब्त, कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 3 एलईडी टीवी, 1.95 लाख रुपये नगद, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, 1 कार, 3 वाईफाई राउटर और सट्टा का हिसाब-किताब रखने वाली 3 कॉपियां जब्त कीं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच जारी, और गिरफ्तारियां संभव
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह संगठित तरीके से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर सट्टा चला रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।