छत्तीसगढ़ के रायपुर ग्रामीण क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब को लेकर हुए झगड़े में एक जीजा ने अपने ही साले की हत्या कर दी।
मजदूरी करते थे दोनों, रिश्ते में जीजा-साला
घटना ग्राम कुम्हारी के पास खारुन नदी किनारे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक घनश्याम और आरोपी गोपी सिंह दोनों ईंट भट्ठे में मजदूरी करते थे और आपस में जीजा-साला के रिश्ते में थे।
शराब के 150 रुपये बने विवाद की जड़
बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल को दोनों सिल्तरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने गए थे। इसी दौरान आरोपी गोपी सिंह ने घनश्याम को 150 रुपये शराब लाने के लिए दिए, लेकिन घनश्याम शराब लाकर खुद ही पी गया। इस बात को लेकर आरोपी के मन में गुस्सा भर गया।
नहाने के दौरान दिया वारदात को अंजाम
अगले दिन 9 अप्रैल को दोनों खारुन नदी में नहाने पहुंचे। इसी दौरान घनश्याम शौच जाने की बात कहकर नदी किनारे चला गया। आरोपी भी उसके पीछे पहुंचा और मौका पाकर उसे मेढ़ से धक्का दे दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
गला घोंटकर की हत्या
आरोपी को शक हुआ कि कहीं उसकी मौत न हो गई हो, डर के चलते उसने अपने गमछे से घनश्याम का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नशे पर फिर उठे सवाल
प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि क्या नशा अपराध की सबसे बड़ी वजह बनता जा रहा है।