रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मोबाइल शॉप को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। तेलीबांधा मरीन ड्राइव स्थित आईफोन स्टोर से चोर 70 से अधिक आईफोन और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 80 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है।
दुकान का शटर मोड़कर अंदर घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने दुकान के सामने लगे शटर को मोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे महंगे आईफोन और अन्य सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। वारदात को किस समय अंजाम दिया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
सुबह दुकान पहुंचने पर हुआ चोरी का खुलासा
सुबह जब दुकान संचालक स्टोर पहुंचा, तो सामने का शटर मुड़ा हुआ मिला। दुकान की स्थिति देखकर चोरी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। चोरी में बड़ी संख्या में महंगे मोबाइल फोन ले जाए जाने की बात सामने आई है।
तेलीबांधा पुलिस और साइबर टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में प्रवेश करने और वारदात के बाद बाहर निकलने के संभावित रास्तों की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपियों की पहचान के लिए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि चोरी में शामिल आरोपियों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल मामले में जांच जारी है और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जुटी हुई है।