राजधानी रायपुर में तेलीबांधा थाना पुलिस ने वीआईपी रोड स्थित एक कैफे में देर रात चल रही पार्टी पर छापेमारी कर कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से डीजे जब्त कर लिया और कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
सूचना पर देर रात पहुंची पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार पुलिस को रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि कैफे में निर्धारित समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है और पार्टी चल रही है। इसके बाद सिविल लाइन एएसपी रमाकांत साहू के निर्देश पर टीम मौके के लिए रवाना हुई।
कैफे में युवक-युवतियों की भीड़, तेज आवाज में बज रहा था डीजे
करीब 1:15 बजे जब पुलिस टीम कैफे पहुंची, तब अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे। तेज आवाज में डीजे बज रहा था और कई लोग शराब का सेवन करते पाए गए।
डीजे जब्त, कोलाहल अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने मौके पर ही डीजे जब्त कर लिया और नियमों के उल्लंघन पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की। सोमवार को इस मामले में न्यायालय में इस्तगासा भी पेश किया गया।
कैफे का लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश
पुलिस ने संबंधित कैफे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा है।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले कैफे और अन्य संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।