रायपुर बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नई पहल की है। अब शहर में कहीं भी जाम लगने पर आम नागरिक सीधे पुलिस को सूचना देकर तुरंत मदद पा सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी, तुरंत मिलेगी सहायता
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर यातायात पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल या व्हाट्सऐप के माध्यम से जाम की सूचना देने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
आईटीएमएस और कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
यातायात पुलिस द्वारा आईटीएमएस और कंट्रोल रूम के जरिए पूरे शहर की ट्रैफिक स्थिति पर नजर रखी जाएगी। जैसे ही जाम की सूचना मिलेगी, तुरंत पेट्रोलिंग टीम को भेजकर यातायात को सुचारू किया जाएगा।
गूगल मैप से भी रखी जाएगी नजर
शहर की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव की निगरानी अब गूगल मैप के माध्यम से भी की जाएगी। जहां भी जाम की स्थिति दिखाई देगी, वहां तत्काल पुलिस बल भेजा जाएगा।
नागरिकों को भी मिलेगी मदद
नागरिक भी गूगल मैप का उपयोग कर ट्रैफिक की स्थिति जान सकते हैं और जाम की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग का चयन कर सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी।
गूगल मैप के रंगों का मतलब समझें
गूगल मैप में ट्रैफिक की स्थिति अलग-अलग रंगों से दर्शाई जाती है—
हरा (Green): यातायात सामान्य रूप से चल रहा है
पीला (Yellow): यातायात की गति मध्यम है
लाल (Red): ट्रैफिक बहुत धीमा या सिग्नल पर रुका है
मेहरून (Maroon): यातायात पूरी तरह बाधित है