राजधानी रायपुर के पॉश इलाके VIP रोड एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह एक कथित अवैध प्राइवेट पार्टी है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां नशे की हालत में डीजे की धुन पर झूमते नजर आ रहे हैं।
बिना अनुमति आयोजित पार्टी में खुलेआम हुक्का सेवन
यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि फार्महाउस में आयोजित इस पार्टी में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के खुलेआम हुक्का पिया जा रहा है। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग में हलचल
वीडियो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पार्टी का आयोजक कौन था और क्या इसके लिए प्रशासन से कोई एनओसी (NOC) ली गई थी।
फार्महाउस मालिक और शामिल लोगों की पहचान शुरू
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस पार्टी के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर फार्महाउस के मालिक और पार्टी में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
नशीले पदार्थों की सप्लाई की भी जांच
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि पार्टी में केवल हुक्का ही इस्तेमाल हुआ या फिर किसी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की सप्लाई भी की गई थी। आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।