राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद से ही अपराधों पर तेजी से कार्रवाई देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में खमतराई थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गोदाम का शटर तोड़कर लाखों का माल पार
मामला रावांभाठा स्थित केवी इंटरप्राइजेज का है, जहां बीते दिनों अज्ञात चोरों ने गोदाम का शटर तोड़कर बड़ी मात्रा में पाइप सहित अन्य सामान की चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान की कीमत 1 लाख रुपए से अधिक बताई गई थी।
CCTV फुटेज से मिला बड़ा सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग एंगल से जांच करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुराने अपराधी भी शामिल, पहले भी जा चुके हैं जेल
गिरफ्तार आरोपियों में मन्नु सोनवानी और ओमप्रकाश भारती जैसे पुराने अपराधी भी शामिल हैं। ये पहले भी आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
आरोपियों से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।