‘धुरंधर’ फिल्म से सुर्खियों में आईं अभिनेत्री सारा अर्जुन शनिवार को उज्जैन पहुंचीं। यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में भाग लिया और भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मां के जन्मदिन पर खास दर्शन
सारा अर्जुन अपने पिता राज अर्जुन और मां सान्या अर्जुन के साथ उज्जैन आईं। मां के जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और परिवार के साथ विशेष दर्शन किए।
भक्ति में लीन नजर आईं
नंदी हॉल में उन्होंने विधि-विधान से पूजन किया, नंदी को जल अर्पित किया और करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन दिखाई दीं। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत भी किया।
भस्म आरती का अनुभव बताया अद्भुत
दर्शन के बाद सारा अर्जुन ने कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्होंने भगवान से स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता की कामना की।
फिल्मों में बना रही पहचान
सारा अर्जुन ने अपने करियर की शुरुआत विज्ञापनों से की और अब तक 100 से अधिक विज्ञापनों में काम कर चुकी हैं। वे तमिल और हिंदी फिल्मों में काम कर चुकी हैं, जिनमें ‘देइवा थिरुमगल’, ‘सैवम’, ‘एक थी डायन’, ‘जय हो’, ‘जज्बा’ और ‘सांड की आंख’ शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में यालीना जमाली का किरदार निभाया है, जिससे उन्हें नई पहचान मिली है।