शहडोल। शहडोल जिले के ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास साइडिंग में खड़ी रेलवे ट्रैक मशीन की बोगी में आग लगने से पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि राहत दल की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के साइडिंग ट्रैक पर चार कोच वाली वर्कशॉप कम रेस्ट फॉर ट्रैक मशीन खड़ी हुई थी। इसी दौरान इनमें से एक कोच, जिसका नंबर ईसीओ 994129 बताया जा रहा है, में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बोगी के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और उसे अन्य कोच तक फैलने से रोक लिया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो पास खड़ी अन्य बोगियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
थाना प्रभारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। वहीं ब्यौहारी आरपीएफ चौकी प्रभारी के अनुसार, घटना के समय ट्रैक स्टाफ काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। रेलवे अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।