रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया, जहां रोड रेज की घटना में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षणिक विवाद में भड़का मामला
प्रार्थिया सिमरन मिस्त्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अप्रैल 2026 की शाम वह अपने दोस्त गोविंद रोचलानी के साथ श्याम नगर होते हुए कटोरा तालाब जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार दो युवकों ने गाली-गलौज की, जिससे विवाद शुरू हुआ।
रास्ता रोककर किया हमला
कुछ देर बाद श्याम नगर हनुमान मंदिर के पास आरोपियों ने दोनों का रास्ता रोक लिया और फिर से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने “हीरो बन रहे हो” कहते हुए गोविंद रोचलानी पर चाकू से पेट में हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद तेलीबांधा थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीसीटीवी फुटेज से मिली पहचान
एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने न्यू राजेन्द्र नगर निवासी अनुज सिंह (18) और नवीन पैकरा (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
चाकू, मोबाइल और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक्टिवा, दो मोबाइल फोन और एक धारदार चाकू जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।