टीकमगढ़ में मंगलवार सुबह सड़क हादसा हो गया। शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर सागर रोड पर इंदौर से टीकमगढ़ आ रही यात्री बस गोंगावर हनुमान मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
10 से 15 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
इस दुर्घटना में बस में सवार करीब 10 से 15 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना टीकमगढ़ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बस सड़क पर मोड़ लेते समय चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके चलते बस पलट गई। अधिकतर यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।