उज्जैन/बड़नगर। जिले की बड़नगर तहसील के ग्राम झालरिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 3 साल का मासूम खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिर गया। गुरुवार रात करीब 8-9 बजे हुए इस हादसे के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं।
75 फीट गहराई में फंसा बच्चा, लगातार निगरानी
एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, रात 9 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने बच्चे को करीब 75 फीट की गहराई पर ट्रेस कर लिया है। बोरवेल में कैमरा और अन्य उपकरण डालकर बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मशीनों से खुदाई, टनल बनाकर पहुंचने की कोशिश
- रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए मौके पर पोकलेन और जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं।
- बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदकर टनल बनाई जा रही है, ताकि दूसरे रास्ते से बच्चे तक पहुंचा जा सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, भीड़ से दूर रहने की अपील
- मौके पर पुलिस बल और विभिन्न एजेंसियों की टीमें तैनात हैं। पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ कर दिया गया है।
- प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और रेस्क्यू कार्य में सहयोग करें।
राजस्थान का रहने वाला है मासूम
बच्चे की पहचान भागीरथ (3) पिता प्रवीण देवासी, निवासी गुड़ानला (जिला पाली, राजस्थान) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ कुछ दिनों से यहां ठहरा हुआ था।
खुला बोरवेल बना हादसे की वजह
प्रशासन के मुताबिक, बोरवेल पर पहले ढक्कन लगा हुआ था, लेकिन भेड़ों के चरने के दौरान वह हट गया। इसी दौरान खेलते समय मासूम उसमें झांकने गया और गिर पड़ा। प्रशासन का पूरा फोकस बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने पर है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।