रायपुर: दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्व घुसकर माहौल खराब करें। पिछले आंदोलनों में बड़ी संख्या में असामाजिक तत्वों के शामिल होने का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसलिए सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं। इस दौरान उन्होंने गन्ने की कीमत बढ़ाने, किसानों की हड़ताल समाप्त होने और कांग्रेस के 2028 में सत्ता में वापसी के दावे पर भी अपनी बात रखी।
CJP के प्रदर्शन पर CM साय ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली में CJP के प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर कहा कि पिछले आंदोलन के दौरान हजारों की संख्या में असामाजिक तत्व घुस गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहेगी कि दोबारा ऐसी स्थिति बने और इसके कारण वातावरण अशांत हो।सीएम साय के मुताबिक, इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
गन्ने की कीमत 355 से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल
मुख्यमंत्री ने कवर्धा में गन्ने की कीमत को लेकर हुए किसान आंदोलन पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कवर्धा गन्ना उत्पादक क्षेत्र है और वहां किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे।सीएम साय ने कहा कि किसान नेताओं के साथ मुलाकात के दौरान गन्ने की कीमत पर चर्चा हुई। पहले गन्ने का मूल्य 355 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, कीमत बढ़ाए जाने के बाद किसानों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी।
कांग्रेस के 2028 में जीत के दावे पर CM साय का तंज
कांग्रेस नेता चरणदास महंत के एकजुट होकर 2028 का चुनाव जीतने संबंधी बयान पर भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस के दावे को खारिज करते हुए इसे 'ख्याली पुलाव' बताया।सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस एक समय पूरे देश में मजबूत स्थिति में थी, लेकिन अब उसका जनाधार लगातार सिमट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है और जनता को धोखा देने तथा झूठ की राजनीति के कारण पार्टी की स्थिति कमजोर हुई है।मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता सपना देखते रहें।