रायपुर। उरला थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी स्थित गर्ग एग्रो इंडस्ट्रीज एवं कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले दो कर्मचारियों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को संतोष सोनवानी और रमाकांत तिवारी के बीच वाल्व बंद करने को लेकर कहासुनी हो गई थी।
बीच-बचाव के बाद भी शांत नहीं हुआ गुस्सा
विवाद बढ़ने पर अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। इसके बाद संतोष सोनवानी अपने कमरे में जाकर सो गया, लेकिन आरोपी रमाकांत तिवारी का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
सोते समय किया हमला, इलाज के दौरान मौत
आरोप है कि तैश में आकर रमाकांत तिवारी ने पास में रखे पाना (रिंच) से संतोष सोनवानी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी विकास कुमार अग्रवाल की रिपोर्ट पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 126/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी रमाकांत तिवारी ने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पाना भी जब्त कर लिया है।
आरोपी की जानकारी
गिरफ्तार आरोपी रमाकांत तिवारी (60 वर्ष) पिता रामकुमार तिवारी, निवासी ग्राम मझियारकला, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है।