नई दिल्ली: दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में मेडिकल शिक्षा की क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार के प्रस्तावित रोडमैप के तहत MBBS, BDS, PG, DNB और सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल शिक्षा की सीटों में चरणबद्ध तरीके से बढ़ोतरी की जाएगी। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और अन्य योग्य मेडिकल प्रोफेशनल्स की कमी को दूर करना और दिल्ली के हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत करना है।
दिल्ली में 300 नई MBBS सीटें प्रस्तावित
सरकार की योजना के तहत द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल (IGH) और गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल से जुड़े निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों में 150-150 MBBS सीटें प्रस्तावित हैं। इस तरह दोनों संस्थानों में कुल 300 नई MBBS सीटें जोड़ी जा सकती हैं। इसके अलावा मौजूदा मेडिकल संस्थानों की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
BSA मेडिकल कॉलेज और MAIDS में भी बढ़ेंगी सीटें
ब्राउनफील्ड विस्तार के तहत डॉ. बी.एस.ए. मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में MBBS सीटों की संख्या 125 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव है। यानी यहां 75 सीटों की बढ़ोतरी होगी। वहीं मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज (MAIDS) में BDS सीटें 50 से बढ़ाकर 70 करने का प्रस्ताव है। इससे BDS की 20 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
MAMC में PG सीटों का भी विस्तार
पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा विस्तार प्रस्तावित है। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (MAMC) में PG सीटों की संख्या 260 से बढ़ाकर 295 करने की योजना है। इससे 35 PG सीटें बढ़ेंगी। MAIDS में PG सीटें 22 से बढ़ाकर 42 करने का प्रस्ताव है। वहीं BSA मेडिकल कॉलेज में 24 PG सीटों वाले नए कोर्स शुरू करने की योजना है।
सरकारी मेडिकल संस्थानों में 103 नई PG और DNB सीटें
दिल्ली सरकार के रोडमैप में सरकारी मेडिकल संस्थानों में कुल 103 नई PG और DNB सीटें जोड़ने का प्रस्ताव है। इनमें 67 MD/MS और 36 DNB सीटें शामिल होंगी।
प्रस्तावित सीटों का संस्थानवार विवरण इस प्रकार है:
- B.S.A. मेडिकल कॉलेज: 24 MD/MS सीटें
- मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (MAMC): 35 MD/MS सीटें
- IGMC: 18 DNB सीटें
- दीप चंद बंधु अस्पताल: 8 DNB सीटें
- GTB अस्पताल: 2 DNB सीटें
- UCMS एवं GTB अस्पताल: 4 MD/MS सीटें
- गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल: 2 DNB सीटें
- संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल: 4 DNB सीटें
- भगवान महावीर अस्पताल: 2 DNB सीटें
- दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट: 4 MD सीटें
108 नई एडवांस्ड मेडिकल सीटों का प्रस्ताव
PG और DNB सीटों के अलावा दिल्ली सरकार ने 5 फेलोशिप सीटों का भी प्रस्ताव रखा है। इनमें 3 सीटें GTB अस्पताल और 2 सीटें दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में प्रस्तावित हैं। इस तरह PG, DNB और फेलोशिप को मिलाकर कुल 108 नई एडवांस्ड मेडिकल सीटें प्रस्तावित हैं।
सुपर-स्पेशियलिटी कोर्स पर भी सरकार का फोकस
दिल्ली सरकार DM और MCh जैसे सुपर-स्पेशियलिटी प्रोग्राम के विस्तार के साथ स्ट्रक्चर्ड पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप प्रोग्राम को भी बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ और सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाना है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मेडिकल शिक्षा का विस्तार केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित डॉक्टर, विशेषज्ञ और सुपर-स्पेशलिस्ट तैयार करना है, जो दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा सकें।
NMC की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी योजना
सरकार के मुताबिक मेडिकल सीटों का यह विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और मरीजों की देखभाल से जुड़ी आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। प्रस्तावित योजनाओं के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) समेत संबंधित सक्षम प्राधिकरणों से जरूरी अनुमोदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। दिल्ली सरकार का दावा है कि मेडिकल शिक्षा के विस्तार से आने वाले समय में राजधानी में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की उपलब्धता बढ़ेगी और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।