नई दिल्ली: मेटास्टैटिक पैंक्रियाटिक कैंसर के इलाज को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने Revolution Medicines की नई दवा ‘RasOnc’ को मंजूरी दे दी है। कंपनी के मुताबिक, एक बड़े क्लिनिकल ट्रायल में इस दवा ने एडवांस्ड स्टेज के मरीजों में जीवित रहने की दर को लगभग दोगुना करने में सफलता हासिल की। यह दवा दिन में एक बार लेने वाली गोली है और उन मरीजों के लिए इस्तेमाल की जा सकती है जिनका पहले इलाज हो चुका है या जो कीमोथेरेपी नहीं ले सकते।
30 दिन की दवा की कीमत करीब 38 लाख रुपये
नई दवा की कीमत को लेकर भी चर्चा है। कंपनी ने इसकी 30 दिन की सप्लाई की कीमत 39,800 डॉलर तय की है। मौजूदा विनिमय दर के हिसाब से यह रकम करीब 38 लाख रुपये बैठती है। हालांकि, कंपनी ने महंगी दवा के बावजूद मरीजों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना की भी घोषणा की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र मरीज इसका लाभ उठा सकें।
मरीज ने बताया कैसा रहा अनुभव
कैलिफोर्निया के फुलर्टन की 88 वर्षीय बारबरा एंडेस ने करीब एक साल तक कीमोथेरेपी लेने के बाद जुलाई में यह दवा शुरू की। उनके मुताबिक दवा शुरू करने के बाद वह अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां दोबारा कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि जी मिचलाने और थकान जैसी समस्याओं में भी कमी आई है। बारबरा ने दवा की उपलब्धता को गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बताया।
FDA की नई एक्सपीडाइटेड रिव्यू प्रक्रिया से मिली मंजूरी
रिपोर्ट के मुताबिक यह दवा FDA की नई एक्सपीडाइटेड रिव्यू प्रक्रिया का हिस्सा थी। इस प्रक्रिया के तहत मंजूरी का समय सामान्य 10-12 महीने से घटाकर करीब 1-2 महीने किया जा सकता है। Revolution Medicines के CEO मार्क गोल्डस्मिथ ने कहा कि यह मंजूरी पैंक्रियाटिक कैंसर, खासकर RAS-driven बीमारी पर कंपनी के एक दशक से अधिक समय के शोध का परिणाम है।
अमेरिका में अरबों डॉलर की बिक्री की उम्मीद
RBC Capital Markets के विश्लेषकों के मुताबिक, दवा को तेजी से मंजूरी मिलने और एक्सपैंडेड एक्सेस प्रोग्राम में पहले से शामिल 2,000 से अधिक मरीजों के कारण अमेरिका में इसकी तीसरी तिमाही की बिक्री करीब 28 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। अनुमान है कि चौथी तिमाही में बिक्री बढ़कर 148 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। लंबे समय में विश्लेषकों ने दवा की संभावित वैश्विक सालाना बिक्री करीब 11.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान लगाया है।
पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले लगातार गंभीर चुनौती
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अनुमान के मुताबिक, इस साल अमेरिका में करीब 67,350 लोगों में पैंक्रियाटिक कैंसर का पता चल सकता है। ऐसे में एडवांस्ड पैंक्रियाटिक कैंसर के मरीजों के लिए नई दवा की मंजूरी को उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दवा की प्रभावशीलता, सुरक्षा और उपलब्धता को लेकर मरीजों को अपने डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही उपचार का निर्णय लेना चाहिए।