रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में स्थित अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 6 चीनी नागरिक शामिल हैं। वहीं, चीन के 9 अन्य कर्मचारी अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
152 लोग घायल, 36 अस्पताल में भर्ती
प्लांट प्रशासन के मुताबिक हादसे में कुल 152 लोगों का इलाज किया गया, जबकि 36 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रूस के अन्य अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए आपातकालीन सेवाओं का विमान भी भेजा गया।
करीब एक दिन बाद आग पर पाया गया काबू
आग अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स के निर्माणाधीन हिस्से में लगी थी। रूसी अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती जानकारी में आग पाइरोलिसिस यूनिट के एक सहायक तकनीकी हिस्से में लगने की बात सामने आई है।
हादसे की वजह की जांच शुरू
रूस की जांच समिति ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि यह मामला औद्योगिक सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आग लगने की सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
रूस-चीन की बड़ी परियोजना है अमूर कॉम्प्लेक्स
अमूर गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स रूस की Sibur और चीन की Sinopec की संयुक्त परियोजना है। यह अभी पूरी तरह चालू नहीं हुआ था और उत्पादन शुरू करने की तैयारी चल रही थी। परियोजना के संचालन में आने के बाद यहां बड़े पैमाने पर पॉलीएथिलीन और पॉलीप्रोपाइलीन का उत्पादन प्रस्तावित है।