भोपाल। मध्य रेलवे के पुणे मंडल में दौंड-मनमाड रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते 16 से 18 मई 2026 तक नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसके कारण भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
14 से 19 मई तक ट्रेनों पर रहेगा असर
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस कार्य का असर 14 मई से 19 मई के बीच चलने वाली कई स्पेशल और लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ेगा। इससे पुणे, गोरखपुर, दानापुर, झांसी और जबलपुर रूट के यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कई स्पेशल ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में निरस्त रहेंगी, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
पुणे-गोरखपुर स्पेशल
गोरखपुर-हडपसर स्पेशल
पुणे-दानापुर स्पेशल
दानापुर-हडपसर स्पेशल
झांसी-हडपसर स्पेशल
जबलपुर-पुणे स्पेशल
कई ट्रेनों का बदला गया रूट
नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें प्रमुख ट्रेनें हैं:
हजरत निजामुद्दीन-यशवंतपुर एक्सप्रेस
बेंगलुरु-नई दिल्ली एक्सप्रेस
जम्मूतवी-पुणे एक्सप्रेस
हुबली-बनारस एक्सप्रेस
कुछ ट्रेनों को मनमाड-नाशिक-इगतपुरी-कल्याण-पनवेल होकर चलाया जाएगा। वहीं कुछ ट्रेनें सूरत-लातूर रोड-परभानी-छत्रपति संभाजीनगर मार्ग से गुजरेंगी।
अतिरिक्त ठहराव भी दिए गए
रेलवे ने बताया कि हडपसर-बनारस और बनारस-हडपसर एक्सप्रेस को बदले हुए रूट पर चलाने के दौरान पनवेल, कल्याण और नाशिक स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।
यात्रियों से रेलवे की अपील
पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल के वरिष्ठ डीसीएम सौरभ कटारिया ने कहा कि कार्य के दौरान कुछ स्टेशनों पर ट्रेनों के नियमित ठहराव प्रभावित हो सकते हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे पूछताछ सेवा या नजदीकी स्टेशन से ट्रेन की जानकारी जरूर प्राप्त करें।