भोपाल। मध्यप्रदेश के निगम, मंडल, बोर्ड, प्राधिकरण और आयोगों में नियुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों के लिए आज प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मंत्री दर्जा प्राप्त इन गैर-सरकारी पदाधिकारियों को उनके अधिकारों, दायित्वों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 मई को सुबह 9 बजे से अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग, वित्त विभाग और संस्थान के अधिकारी विभिन्न विषयों पर प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें कुल 63 नवनियुक्त पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं और कार्यक्रम दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
18 विभागों के वरिष्ठ अधिकारी देंगे प्रशिक्षण
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर 18 विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी प्रशिक्षण में मौजूद रहेंगे। ये अधिकारी प्रतिभागियों को निगम-मंडलों के कामकाज, वित्तीय प्रबंधन, शासन प्रक्रियाओं, नीतियों और जिम्मेदारियों की जानकारी देंगे।
विवाद रोकने और कार्यप्रणाली सुधार पर जोर
हाल ही में पदभार ग्रहण के दौरान निकाली गई रैलियों को लेकर उठे विवाद के बाद पार्टी स्तर पर सख्ती देखी गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए कई कार्रवाई भी की गई। अब इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ऐसी स्थितियों से बचना और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना है।
अध्यक्षों और मंत्रियों के बीच बेहतर तालमेल पर फोकस
प्रशिक्षण में यह भी समझाया जाएगा कि निगम-मंडल के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और विभागीय मंत्रियों के बीच किसी प्रकार का विवाद न हो। उन्हें उनके अधिकार और सीमाओं की स्पष्ट जानकारी देकर सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।