भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर एक छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें करीब 25 फीट तक उठती दिखाई दीं, जबकि धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से नजर आया। देखते ही देखते आग आसपास की 5-6 दुकानों और करीब 10-12 रेहड़ियों तक पहुंच गई।
छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुई आग
जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत न्यू मार्केट स्थित छोले-भटूरे की दुकान से हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग लगते ही दुकान में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकल आए।
मोबाइल शॉप से कपड़ा शोरूम तक पहुंची लपटें
आग तेजी से फैलते हुए पास की दो मोबाइल दुकानों के साथ बर्तन और कपड़ा शोरूम तक पहुंच गई। आसपास मौजूद 10-12 रेहड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
25 फीट तक उठीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठ रही थीं। आग से निकलने वाला धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना के बाद न्यू मार्केट में लोगों की आवाजाही और दुकानों के आसपास काफी हलचल देखने को मिली।
15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर
आग पर काबू पाने के लिए 15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने में जुटे हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का पूरा आंकलन किया जा रहा है।